वाराणसी, गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के दृष्टिगत 11वीं एनडीआरएफ, वाराणसी द्वारा नदी क्षेत्र में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में 11वीं एनडीआरएफ की टीमें गंगा नदी में 24×7 तैनात रहकर नियमित बोट पेट्रोलिंग एवं सतत निगरानी के माध्यम से नदी की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
आज गंगा नदी का जलस्तर 65 मीटर दर्ज किया गया है तथा जलस्तर में लगभग 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से वृद्धि हो रही है। वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर जन-सुरक्षा के दृष्टिगत नौका संचालन को अग्रिम आदेश तक स्थगित किया गया है। एनडीआरएफ की टीमों द्वारा नदी क्षेत्र में नाविकों, यात्रियों एवं आमजन को जिला प्रशासन एवं जल पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा नदी में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, एनडीआरएफ की मेडिकल टीम वाटर एम्बुलेंस के साथ गंगा नदी क्षेत्र में 24×7 तैनात रहती है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में नदी क्षेत्र में मौजूद लोगों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके। 11वीं एनडीआरएफ द्वारा गंगा नदी के जलस्तर एवं परिस्थितियों की निरंतर निगरानी की जा रही है। किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीमें त्वरित प्रतिक्रिया एवं आवश्यक बचाव कार्य हेतु पूरी तरह तैयार एवं मुस्तैद हैं।




No comments:
Post a Comment