रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव
वाराणसी राजातालाब।विकासखंड आराजी लाइन के समस्त ग्राम पंचायतों में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालयों के माध्यम से 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने का कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों के शिक्षामित्रों द्वारा अपने ग्राम पंचायत एवं सेवित क्षेत्र में 15 प्लस आयु वर्ग के निरक्षर व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें साक्षरता से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। विकासखंड के समस्त ग्राम पंचायत में अब तक 1143 निरक्षर व्यक्तियों को चिन्हित किया जा चुका है जिनको विद्यालय स्तर पर पढ़ना-लिखना तथा दैनिक जीवन में आवश्यक गणितीय ज्ञान का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है । प्राथमिक विद्यालय धानापुर, नागेपुर,बसंतपट्टी, बेलौड़ी, अयोध्यापुर सिंघई जैसे विद्यालयों में में इस कार्यक्रम की अंतर्गत साक्षर बनाने का प्रयास प्रारंभ किया जा चुका है। इस अभियान का उद्देश्य समाज के ऐसे वयस्क व्यक्तियों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान से जोड़ना है, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए हैं। इसके साथ ही उनमें आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास एवं दैनिक जीवन में आवश्यक कार्यों को स्वयं करने की क्षमता विकसित करना भी इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव द्वारा द्वारा समस्त प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षामित्रों को अभियान को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक निरक्षर व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें साक्षरता कार्यक्रम से जोड़ने तथा कार्यक्रम की नियमित प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
विभाग का प्रयास है कि विकासखंड के प्रत्येक ग्राम पंचायत में कोई भी 15 वर्ष या उससे अधिक आयु का व्यक्ति बुनियादी साक्षरता से वंचित न रहे। जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों से भी अपील की गई है कि वे अभियान में सहयोग प्रदान करते हुए निरक्षर व्यक्तियों को साक्षरता कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।




No comments:
Post a Comment