घटना के बाद भी शिकायत लेकर थाने जाने से रोक रहा था आरोपी
चन्दौली धानापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी कक्षा 5 की छात्रा के साथ दुष्कर्म की कोशिश के मामले में शनिवार को पुलिस ने प्रदीप सिंह उर्फ मालिक 50 वर्ष नामक व्यक्ति के विरुद्ध नामजद केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। क्षेत्र के एक गांव में 24 जुलाई की रात लगभग साढ़े 9 बजे आरोपी ने कक्षा पांच में पढ़ रही दस वर्षीय छात्रा को कमरे में बंद कर दुष्कर्म की कोशिश कर रहा था। तभी बच्ची के शोर मचाने पर पहुंचे उसके पिता ने दरवाजा तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला। इस बीच दुष्कर्म की कोशिश कर रहा आरोपी पीड़िता के पिता को धक्का देकर भाग निकला। आरोप है कि घटना के बाद से आरोपी अपने चार पांच साथियों के साथ पीड़िता के घर की दिन रात निगरानी कर रहा था और उसे शिकायत लेकर थाने तक भी नहीं जाने दे रहा था। शनिवार को परिवार के अन्य लोगों के घर आ जाने के बाद पीड़िता का पिता थाने पहुंचा। और लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रदीप सिंह उर्फ मालिक के विरुद्ध 354, 376, 511 आईपीसी एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 7 एवं 8 के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संदर्भ में पूछे जाने पर प्रभारी निरीक्षण तेज बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी का कृत्य बेहद घृणित एवं अमानवीय है। बच्ची के बयान से अपराध की पुष्टि के बाद उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment