चन्दौली। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व डाला छठ के पावन अवसर पर नगर स्थित साव जी के पोखरे पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय गणमान्य नागरिकों द्वारा भव्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जन सहयोग संस्थान, विनायक फाउंडेशन ट्रस्ट एवं साहू परिवार के संयुक्त तत्वावधान में व्रती माताओं-बहनों, श्रद्धालुओं तथा व्यवस्था में जुटे पुलिसकर्मियों व स्काउट-गाइड के बच्चों के बीच निशुल्क नारियल, अर्घ्य हेतु दूध, चाय और चॉकलेट का वितरण किया गया।
इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आर. डी. मेमोरियल हॉस्पिटल, चन्दौली की ओर से प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट एड) की विशेष व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन सहयोग संस्थान के अध्यक्ष अजीत सोनी एवं विनायक फाउंडेशन ट्रस्ट के सचिव सन्दीप कुमार वर्मा ने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व ही नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। ऐसे अवसरों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सेवा करना हम सभी का सामाजिक दायित्व है। इस सेवा कार्य का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी सौहार्द और सेवा भावना को प्रोत्साहित करना है। दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित से जुड़े कार्यक्रम निरंतर संचालित करने का संकल्प लिया।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में अजीत सोनी, सन्दीप कुमार वर्मा, आनंद गुप्ता, जय प्रकाश गुप्ता, संदीप सेठ, रंजीत सोनी, शुभम गुप्ता, आशीष यादव, सूरज गुप्ता, उर्जित, अर्जित, दिनेश यादव और मृत्युंजय मौर्या सहित अन्य सहयोगियों ने उपस्थित रहकर अपना सक्रिय योगदान दिया।

No comments:
Post a Comment