स्वीप के तहत समाज के हर तबके के मतदाता को 07 मार्च को मतदान के लिए दिलाई जा रही है शपथ
चन्दौली दुलहीपुर। विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 में समाज के हर तबके के मतदाताओं की भागीदारी हो, वो बढ़ चढ़कर मतदान में हिस्सा लें, इसके लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत जिले के हर क्षेत्र में हर वर्ग के मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी के तहत रविवार को मुगलसराय विधान सभा के बीपी हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान पर क्रिकेट खिलाड़ियों को जिले के जिला स्वीप आईकॉन स्वीप राकेश यादव रौशन ने आगामी 07 मार्च को अनिवार्य रूप से मतदान करने की शपथ दिलाई। खिलाड़ियों ने कहा कि वे खुद भी मतदान करेंगे और दूसरों से भी मतदान करने को कहेंगे। 07 मार्च का दिन हम लोगों के लिए उत्सव के समान होगा। राकेश रौशन ने आगे बताया कि हमारा लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक को मतदान करने के लिए प्रेरित करना है। जो अभी तक मतदान के प्रति निष्क्रिय रहे हैं, उन्हें निष्पक्ष, भयमुक्त, प्रलोभन रहित नैतिक मतदान करने की शपथ दिलाई जा रही है। उनसे जाति, धर्म, सम्प्रदाय, भाषावाद, क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर एक अच्छे व्यक्ति के पक्ष में मतदान करने की अपील की जा रही है। इसी के तहत कामगार, खिलाड़ी, मजदूर, दिव्यांगों, महिलाओं, 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों, कोविड पॉजिटिव व्यक्तियों और थर्ड जेंडर मतदाताओं से व्यक्तिगत रूप से डोर टू डोर मिलकर उन्हें मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब मतदान में सबकी सहभागिता रहेगी, तभी मत प्रतिशत बढ़ेगा।
श्री रौशन ने आगे कहा कि मतदान हमारा संवैधानिक अधिकार है। इसका प्रयोग हमें बहुत सोच समझ कर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जाति, धर्म, सम्प्रदाय, भाषा, क्षेत्र, प्रलोभन आदि लोकतंत्र के विकास में बाधक हैं और इसे कमजोर करते हैं। हम सभी को एक अच्छे व्यक्ति के पक्ष निष्पक्ष होकर मतदान करने की जरूरत है।
इस अवसर पर मुकेश पटेल, नीरज सेठ, हरिहर सिंह, सौजब हुसैन, दुर्गा पटेल, मोनू यादव, उदय मास्टर, लाल बहादुर पटेल, बबलू गुप्ता आदि क्रिकेट खिलाड़ी उपस्थित थे।
No comments:
Post a Comment