केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने पनियरा गांव में की गयी धान की सीधी बुआई का किया अवलोकन व किसानों से किया संवाद - जनसच न्यूज़

Breaking

नमस्ते जनसच न्यूज़ में आपका स्वागत है , जनसच तक अपनी बात jansach20@gmail.com के माध्यम से पहुचायें |

Post Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, June 11, 2025

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने पनियरा गांव में की गयी धान की सीधी बुआई का किया अवलोकन व किसानों से किया संवाद

 

रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव 

वाराणसी आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के पनियरा गांव में बुधवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 के अंतर्गत भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान की ओर से आयोजित एक किसान संवाद कार्यक्रम में बुधवार को देश के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पनियरा गांव के किसान लल्लन दुबे के खेत में की गयी धान की सीधी बोआई तथा लोबिया के बीज उत्पादन परिक्षेत्र का निरीक्षण किया। चकरोड न बनने के कारण प्रदर्शन के खेत तक मंत्री जी की गाड़ी नहीं पहुंची जिससे मंत्री जी को निरीक्षण के लिए चिलचिलाती धूप में पैदल जाना पड़ा। मंत्री जी से किसान लल्लन दुबे ने बताया कि चकरोड का फील्ड बुक तैयार है लेकिन राजस्व विभाग तथा पुलिस विभाग के सामंजस्य न होने के कारण अभी तक चकरोड नहीं बन पा रहा है। इस दौरान एफपीओ एवं किसानों द्वारा प्रदर्शित किए गए उनके उत्पादों का अवलोकन किया। किसान संवाद के दौरान किसानों द्वारा गांव में विगत 25 वर्षों से राजकीय नलकूप के खराब होने की शिकायत मिलने पर भड़के कृषि मंत्री ने आईआईवीआर के निदेशक को फटकार लगाते हुए राज्य सरकार से वार्ता कर जल्द से जल्द बनवाने हेतु निर्देश दिया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कृषि उत्पादों के लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। डीएसआर धान के खेतों में पानी की बचत करने के साथ उत्पादन बढ़ाने और लागत कम करने में मददगार एक टिकाऊ वैज्ञानिक विधि है।किसान संवाद कार्यक्रम में कृषि राज्यमंत्री ने कहा कि वैज्ञानिक किसानों के कल्याण को ध्यान में रखकर शोध करें। उन्होंने कहा कि किसान वैज्ञानिकों की बात पर भरोसा करता है और वैज्ञानिक भी कड़ी मेहनत से शोध करके किसानों के लिए नई टेक्नोलॉजी विकसित कर रहे हैं।आवश्यकता इस बात की है कि इन तकनीकों को किसानों तक पहुंचाया जाए और अपनाने के लिए प्रेरित भी किया जाए। मंत्री ने ताप-सहनशील नई प्रजातियों के विकास के लिए भी वैज्ञानिकों से आग्रह किया। कार्यक्रम में मंत्री द्वारा 5 चयनित किसानों को सम्मानित किया गया एवं 10 किसानों को डिजिटल मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी प्रदान किया गया। यह डिजिटल पहल किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता की तत्काल जानकारी प्रदान करने में सहायक होगी।


आईआईवीआर कैंपस के 'कृषि अपशिष्ट प्रबंधन इकाई' में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने 'एक पेड़ मां के नाम चंदन का पौधा लगाया


आईआईवीआर कैंपस के 'कृषि अपशिष्ट प्रबंधन इकाई' में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के क्रम में चंदन के पौधे का वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर आईसीएआर के उप-महानिदेशक (हॉर्टिकल्चर) डॉ. संजय कुमार सिंह ने भी साथ में पेड़ लगाया। यह कार्यक्रम कृषि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के महत्व को दर्शाता है। प्रगतिशील किसानों एवं एफपीओ से संवाद कर कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने देशव्यापी कृषि संकल्प अभियान में आईआईवीआर की भूमिका की जानकारी ली। निदेशक डॉ. राजेश कुमार द्वारा बताया गया कि आईआईवीआर की अगुवाई में केवीके एवं राज्य सरकार के कृषि विभाग के समन्वय से वैज्ञानिकों ने 6 जनपदों में 13 दिनों में 52,000 से अधिक किसानों से संवाद का क्रम पूर्ण कर लिया है जो अनवरत जारी है। निदेशक ने वैज्ञानिकों से प्राप्त किसानों की समस्याओं से भी मंत्री को अवगत कराया। मुख्य समस्याओं में नीलगाय से फसल नुकसान, जल संकट, कीट प्रबंधन, बाजार पहुंच की कमी और गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता शामिल है। मंत्री जी ने इन समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। आइसीएआर के उप-महानिदेशक डॉ संजय कुमार सिंह ने संस्थान में आगमन के लिए मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान किसानों के हित में बेहतर कार्य किया है।इसी क्रम में 6 जनपदों के केवीके प्रभारियों के साथ आए प्रगतिशील किसानों ने इस अभियान के प्रति प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे किसानों को कृषि संबंधी जानकारी पहुंचाने की दिशा में और अधिक प्रभावशाली रूप से लागू करने का आग्रह किया। पद्मश्री चंद्रेशखर ने कहा कि यह अभियान वास्तव में 'लैब टू लैंड' की नीति को साकार करने में सफल हुआ है। कार्यक्रम में महिला किसानों की 36% सहभागिता पर मंत्री जी ने संतुष्टि व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किचन गार्डनिंग, मशरूम उत्पादन और मूल्य संवर्धन में महिलाओं की बढ़ती भूमिका कृषि क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव का संकेत है।मंत्री ने कहा कि इस अभियान की सफलता के आधार पर इसे देश के अन्य राज्यों में भी विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने वैज्ञानिकों से आग्रह किया कि वे किसानों की आय दोगुनी करने, जलवायु अनुकूल कृषि और टिकाऊ खेती की दिशा में निरंतर कार्य करते रहें। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री जी के 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का संचालन नीरज सिंह ने किया। कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न विभागों के अध्यक्ष डॉ नागेन्द्र राय, डॉ अनंत बहादुर, डॉ ए एन सिंह, मीडिया सेल अध्यक्ष डॉ. डी पी सिंह, डॉ राकेश दुबे, सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



No comments:

Post a Comment



Post Bottom Ad