रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव
वाराणसी नव नियुक्त राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि डॉक्टर मरीजों के लिए भगवान का दूसरा रूप और जीवनदाता होते हैं। चिकित्सक का काम जीवन देने और सेवा करने का है। सेवा करने वाले को उसका प्रतिफल अवश्य मिलता है, यह केवल कहावत नहीं बल्कि हकीकत है।वे भिखारीपुर बीएलडब्ल्यू में काशी सेवा शोध समिति द्वारा काशी हॉस्पिटल में आयोजित समगति कैंसर यूनिट के उद्घाटन के बाद अपने पहले सार्वजनिक कार्यक्रम में बोल रहे थे। विश्वकर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनके लिए मां के समान है और इसके नेता उनके पथ प्रदर्शक हैं। यह आदर्श पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी अपनाते हैं।उन्होंने कहा कि वाराणसी में स्थापित होमी भाभा टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट से पूर्वांचल के लाखों लोगों को कैंसर उपचार की सुविधा मिल रही है। समगति और काशी हॉस्पिटल द्वारा इस तरह का सेंटर खोलना सराहनीय कदम है। उन्होंने चिकित्सकों से सेवाभाव से काम करने का आह्वान किया।
समगति कैंसर सेंटर के कैंसर विशेषज्ञ सतीश शर्मा ने सामाजिक जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि जागरूकता से कैंसर का पता पहली और दूसरी स्टेज पर ही चल सकता है, जिससे मरीज लंबा जीवन जी सकते हैं। कैंसर विशेषज्ञ आशीष उपाध्याय ने कैंसर को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर किया और कहा कि समाज के सहयोग से कैंसर के भय को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम में काशी सेवा शोध समिति के सचिव टीपी सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर हर्षित राय, ए के प्रधान, ओ पी राय, राहुल, हिमांशु, विष्णु, विद्यापीठ के पूर्व उप प्रमुख अशोक सिंह, भिखारीपुर के प्रोग्राम प्रधान सुरेंद्र बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment