रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव
वाराणसी रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। भेंट के दौरान विधायक डॉ सुनील पटेल ने राजकीय महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज की स्थापना, रमना, टिकरी, मुड़ाडीह सहित दर्जनों गांवों में बाढ़ से रोकथाम के लिए तटबंध निर्माण और मोहनसराय चौराहे पर ग्रेड सेपरेटर बनाए जाने की मांग प्रमुखता से रखी। डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि क्षेत्र में बालिकाओं की तकनीकी शिक्षा के लिए महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज अत्यंत आवश्यक है। इससे ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने रमना, टिकरी, मुड़ाडीह व आसपास के गांवों में प्रतिवर्ष बाढ़ की समस्या को देखते हुए पक्के तटबंध बनवाने का अनुरोध किया, ताकि किसानों की फसल और जनजीवन सुरक्षित रह सके। विधायक ने मोहनसराय चौराहे पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ग्रेड सेपरेटर निर्माण की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि इससे हाईवे पर जाम की समस्या कम होगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनकर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

No comments:
Post a Comment