रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव
वाराणसी मिर्जामुराद। लोक समिति वाराणसी के तत्वाधान में यूनियन बैंक नागेपुर के सहयोग से प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में शनिवार को महिला कजली महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में सेवापुरी ब्लॉक के मेहदीगंज गांव की महिलाओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, द्वितीय स्थान पर अफजलपुर और तृतीय स्थान पर देउरा की टीम रही। कार्यक्रम में लगभग 60 गांवों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महोत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक कजरी गीतों के साथ-साथ देशभक्ति, मनरेगा, शिक्षा, महिला हिंसा, भ्रष्टाचार जैसे समसामयिक मुद्दों पर गीतों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की और बराबरी के अधिकार की मांग की। बारिश के मौसम में लोक संगीत के इस आयोजन ने काशी की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत कर दिया और श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए।विजेता टीमों को लोक समिति और यूनियन बैंक शाखा नागेपुर की ओर से शील्ड, कंडाल, जग, बाल्टी तथा अन्य प्रतिभागी टीमों को थाली देकर सांत्वना पुरस्कार दिया गया। जिले के विभिन्न गांवों से स्वयं सहायता समूह की कुल 32 टीमों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, प्रधान संघ अध्यक्ष मुकेश कुमार और लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, यूनियन बैंक के डीजीएम शैलेंद्र कुमार, एलडीएम अविनाश अग्रवाल और शाखा प्रबंधक इंद्र मोहन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने आयोजन की सराहना की, वहीं बैंक अधिकारियों ने कहा कि आधुनिकता के दौर में लुप्त हो रही प्राचीन संस्कृति को बचाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम का संचालन अनीता और आशा ने किया, स्वागत सोनी ने और धन्यवाद ज्ञापन नंदलाल मास्टर ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह पटेल, ग्राम प्रधान, निर्णायक मंडल के देवनाथ, रामसहारे, रामजी सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।

No comments:
Post a Comment