चन्दौली चकिया भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की राष्ट्रीय पदयात्रा एवं आगामी 1 सितम्बर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल रैली को सफल बनाने तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, किसानों, मजदूरों, नौजवानों, महिलाओं, दलितों एवं आदिवासी समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 19 अगस्त 2026 को चकिया स्थित काली जी के पोखरे पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाकपा जिला सचिव कामरेड सुखदेव मिश्रा ने की।बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा जिला सचिव सुखदेव मिश्रा ने कहा कि देश आज गंभीर आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, मजदूरों के अधिकारों पर बढ़ते हमले तथा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किए जाने की परिस्थितियों में जनता के सवालों को मजबूती से उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि “बदलाव जरूरी है” के आह्वान के साथ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा देशभर में राष्ट्रीय पदयात्रा चलाकर गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचने का अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पदयात्रा के दौरान किसानों, मजदूरों, गरीबों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं, नौजवानों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना जा रहा है। जनता के बीच केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के प्रभाव को लेकर व्यापक चर्चा की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें और 1 सितम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विशाल रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें।
भाकपा राज्य परिषद सदस्य शशिकांत कुशवाहा ने कहा कि आज देश की जनता अपने बुनियादी अधिकारों, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े सवालों को लेकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आम जनता के सवालों को व्यापक स्तर पर उठाने और संघर्ष को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा दिल्ली रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 1 सितम्बर की रैली देश की जनता के ज्वलंत सवालों को मजबूती से उठाने का महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यकर्ताओं को बूथ, गांव और क्षेत्र स्तर पर संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को दिल्ली पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।बैठक में शिवमूरत, राजकमल, पंचाम प्रसाद, किस्मत यादव, कन्हैया यादव, रामकिशुन पाल, प्यारे बनवासी, अनिल बनवासी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
अंत में बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय पदयात्रा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ “बदलाव जरूरी है — 1 सितम्बर को दिल्ली चलो” के आह्वान को व्यापक रूप से प्रचारित किया जाएगा और रामलीला मैदान, नई दिल्ली की विशाल रैली में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

No comments:
Post a Comment