सामान वापस मिलने पर महिला एवं परिजनों ने चन्दौली पुलिस तथा स्मार्ट कन्ट्रोल रूम टीम की त्वरित कार्यवाही की भूरि-भूरि प्रशंसा की
चन्दौली- जनपद चन्दौली पुलिस द्वारा तकनीक एवं CCTV निगरानी का प्रभावी उपयोग करते हुए आमजन की सहायता एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में स्मार्ट कन्ट्रोल रूम की तत्परता एवं तकनीकी दक्षता से ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए CCTV कैमरों की मदद से ऑटो में छूटे एक महिला के बैग को बरामद कर उसमें रखा सामान सकुशल वापस लौटाया गया।
घटना का विवरण-
27.08.2026 को समय करीब शाम 04:00 बजे एक महिला निवासी थाना अलीनगर के पीछे से ऑटो में बैठकर अलीनगर से अपने मायके थाना सैयदराजा क्षेत्रांतर्गत मिरदासपुर जा रही थी। यात्रा के दौरान महिला का बैग उक्त ऑटो में ही छूट गया।
महिला द्वारा बताया गया कि उक्त बैग में सफेद धातु से निर्मित आभूषण एवं कुछ घरेलू सामान रखा हुआ था। ऑटो से उतरने के बाद जब महिला को बैग के ऑटो में छूट जाने की जानकारी हुई तो उसके द्वारा काफी प्रयास कर ऑटो एवं बैग की तलाश की गई, किन्तु ऑटो का पता नहीं चल सका।
स्मार्ट कन्ट्रोल रूम द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही-
बैग न मिलने पर पीड़िता द्वारा चौकी नवही, कोतवाली चन्दौली पर प्रार्थना पत्र देकर उक्त ऑटो की पहचान कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने का अनुरोध किया गया। साथ ही घटना के संबंध में जानकारी देते हुए स्मार्ट कन्ट्रोल रूम पहुंचकर CCTV कैमरों की मदद से संबंधित ऑटो का पता लगाने का अनुरोध किया गया।
प्राप्त प्रार्थना पत्र एवं सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के कुशल निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सदर श
अनंत चन्द्रशेखर के पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन में स्मार्ट कन्ट्रोल रूम टीम द्वारा तत्काल तकनीकी सहायता से CCTV फुटेज को खंगालना प्रारम्भ किया गया।
स्मार्ट कन्ट्रोल रूम टीम द्वारा कचहरी अंडरपास पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज को बारीकी से चेक किया गया। CCTV फुटेज में संबंधित ऑटो की पहचान कर उसके आवागमन एवं संबंधित जानकारी के आधार पर ऑटो का पता लगाया गया।
पुलिस टीम की तत्परता, तकनीकी दक्षता एवं CCTV निगरानी के प्रभावी उपयोग के परिणामस्वरूप महिला का ऑटो में छूटा हुआ बैग बरामद कर लिया गया।
महिला को सकुशल लौटाया गया सामान-
स्मार्ट कन्ट्रोल रूम टीम द्वारा बरामद किए गए बैग को सुरक्षित रूप से पीड़िता को वापस किया गया। बैग में रखा सामान भी सकुशल प्राप्त होने पर महिला को उसके सुपुर्द किया गया।
बरामद सामान में लगभग 480 ग्राम सफेद धातु से निर्मित आभूषण शामिल हैं।
अपना खोया हुआ सामान सकुशल वापस मिलने पर महिला एवं उसके परिजनों द्वारा चन्दौली पुलिस एवं स्मार्ट कन्ट्रोल रूम टीम की त्वरित कार्यवाही, तकनीकी दक्षता एवं सहयोग की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया गया।
तकनीक के माध्यम से आमजन की सहायता में तत्पर चन्दौली पुलिस-
चन्दौली पुलिस द्वारा ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत स्थापित CCTV कैमरों एवं स्मार्ट कन्ट्रोल रूम के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में होने वाली गतिविधियों की निगरानी के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के समाधान में भी तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।
CCTV कैमरों की मदद से न केवल अपराध नियंत्रण एवं घटनाओं के अनावरण में सहायता मिल रही है, बल्कि लोगों के खोए हुए सामान, वाहनों एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं को खोजने में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हो रही है।
चन्दौली पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा, सहायता एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आधुनिक तकनीक एवं CCTV निगरानी व्यवस्था का लगातार प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।
चन्दौली पुलिस की अपील-
चन्दौली पुलिस आमजन से अपील करती है कि यात्रा अथवा सार्वजनिक स्थानों पर अपने कीमती सामान, बैग, मोबाइल एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा सामान छूटने/खोने की स्थिति में बिना विलम्ब पुलिस को सूचना दें, ताकि उपलब्ध CCTV कैमरों एवं तकनीकी संसाधनों की सहायता से समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

No comments:
Post a Comment