रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव
वाराणसी। बरेका में इस वर्ष भी छठ पूजा उत्साह के साथ मनाई गई। हजारों श्रद्धालुओं ने सूर्य सरोवर में 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजन किया। यह आयोजन आस्था का प्रतीक रहा, साथ ही छठी मइया और भगवान भास्कर के प्रति भक्ति का द्योतक भी था। अंतिम दिवस पर व्रती महिलाओं और पुरुषों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और प्रसाद ग्रहण कर व्रत का समापन किया। सूर्य सरोवर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं ने आयोजन में सम्मिलित होकर धार्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, छठ समिति के संरक्षक राम जन्म चौबे, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर प्रवीण कुमार तथा महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं सहित श्रद्धालुओं ने पूजन कर लोक कल्याण की कामना की। परिसर में सुरक्षा के लिए पुलिस, आरपीएफ, एनडीआरएफ, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस, नागरिक सुरक्षा दल और स्काउट गाइड तैनात थे। जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि आयोजन को शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने में विभागों, आरपीएफ, जिला पुलिस, एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस, सेंट जॉन एम्बुलेंस, स्काउट्स एवं छठ समिति का योगदान रहा। सभी के सहयोग से आयोजन सफल हुआ।

No comments:
Post a Comment