रिपोर्ट-विनोद कुमार यादव
नौगढ़ चन्दौली क्षेत्र के अमृतपुर के चौहान मजरे में बुधवार को मूसलाधार बारिश के बाद जल निकासी न होने के कारण लोगों के घरों में पानी घुस गया। लोग रात भर अपने घरों से बाल्टी, डिब्बा लेकर पानी निकालते रहे, अजीज होकर आक्रोशित हुए ग्रामीणों ने गुरुवार को सुबह कच्चे रास्ते में भरे पानी में खड़े होकर ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। लोगों ने चेतावनी दिया कि जल्द नाली की सफाई नहीं कराई गई तो ब्लॉक मुख्यालय का घेराव करेंगे। आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी से कई बार शिकायत की गयी लेकिन उसे अनसुना कर दिया गया। गांव वालों का कहना है कि अमृतपुर के चौहान बस्ती को पहले अंबेडकर ग्राम में शामिल किया गया था इस गांव में नाली खड़ंजा व शौचालयों को अधिकांश कागजों पर दिखाया गया है। दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश के कारण लगभग एक दर्जन घरों में पानी घुस गया जिसका कारण जल निकासी का इंतजाम न होना रहा। जहां नालियां बनी भी लेकिन सफाई न होने के कारण चोक हो गयी है जिसके कारण कच्चे रास्तों पर पानी भरने से पानी लोगों के घरों में चला गया। प्रदर्शन करने वालों में चौहान बस्ती के विद्या, प्रकाश चौरसिया, रामशरण, रामभवन, कल्लू, रामसिंह, शिव पूजन, मंजू , अमरदेव धीरेंद्र प्रताप, रामचंद्र, मानसिंह, छोटेलाल सहित महिलायें व बच्चे शामिल रहे। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान चंद्रशेखर यादव का कहना है कि कार्य योजना में लिया गया है। इस कच्चे रास्ते व नाली को बरसात कम हो तो दुरुस्त करवाऊंगा। इस बाबत एसडीएम नौगढ़ अतुल गुप्ता ने पंचायती राज विभाग अधिकारियों को नाली सफाई व निर्माण कार्य अति शीघ्र करने को कहा है।

No comments:
Post a Comment