रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव
वाराणसी रोहनिया।मोहनसराय चौराहे पर हाईवे के किनारे बने नाले के ओवरफ्लो होने से क्षेत्रीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है। पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई विभाग की आपसी खींचतान के बीच स्थानीय जनता पिस रही है।हाईवे पर जलजमाव से राहत दिलाने के लिए एनएचएआई के कर्मचारी सर्विस रोड का पानी निकालने के लिए अदलपुरा मार्ग पर नाली खोद रहे हैं। वहीं कुछ देर बाद पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारी अदलपुरा रोड पर पानी न जाने देने के लिए उसी नाली को बंद कर दे रहे हैं। नतीजा ये कि समस्या जस की तस बनी हुई है और दोनों विभागों के बीच जनता पिस रही है।मोहनसराय चौराहे से अदलपुरा मार्ग की स्थिति और भी बदतर है। महीनों से जर्जर इस सड़क पर बारिश का पानी और हाईवे के नाले का बदबूदार सीवर का पानी भर जाने से जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। गड्ढों में भरे गंदे पानी के कारण राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। बाइक-साइकिल सवार कई बार गिरकर घायल भी हो चुके हैं।गंदगी और जलजमाव के कारण क्षेत्र से लोगों का आना-जाना कम हो गया है। इससे स्थानीय दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। क्षेत्रवासियों ने दोनों विभागों से समन्वय बनाकर नाले की सफाई और सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है।

No comments:
Post a Comment