रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत वाराणसी में कार्यक्रम तेज हो गए हैं। अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत 17 सितंबर से 15 अक्टूबर तक जिले की प्रत्येक विधानसभा में 28 प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक और एक स्थान पर नाट्य मंचन किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल के निर्देशन में मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी गई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण की 25 वर्षों की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना उद्देश्य है। नाट्य मंडलियों द्वारा बाजारों, चौराहों, हाट-बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तुति दी जाएगी। नाटकों में पीएम मोदी के बचपन से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में संघर्ष, गरीब कल्याण योजनाओं, काशी के विकास, स्वच्छता अभियान, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों को रोचक अंदाज में दिखाया जाएगा। सभी मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रेसवार्ता में जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम, संजय सोनकर, उपाध्यक्ष संदीप सिंह मिंटू, अमित पटेल रिंकू और मीडिया प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी सुमित मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment