रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव
वाराणसी आराजी लाइन क्षेत्र के ओदार गांव में सोमवार को का० राजकिशोर सिंह और का०दीनानाथ यादव की स्मृति में एक दिवसीय किसान सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें सैकड़ों किसान शामिल रहे। किसान सभा को मजबूत करने, किसानों-मजदूरों के हक की लड़ाई तेज करने तथा जबरन भूमि अधिग्रहण का विरोध करने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि का०दीनानाथ यादव ने पूरा जीवन किसानों, मजदूरों और गरीबों के अधिकारों के संघर्ष में लगा दिया। वह 1991 में गंगापुर से विधायक चुने गए थे। उन्होंने किसान सभा के महामंत्री और माकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। का०राजकिशोर सिंह स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय रहे और 1942 के आंदोलन में अंग्रेजों ने उन्हें जेल भेजा था। आजादी के बाद वह कम्युनिस्ट आंदोलन से जुड़े। वह गंगापुर से दो बार विधायक चुने गए और विधानसभा में माकपा विधायक दल के नेता भी रहे। सम्मेलन में जिला सचिव अनिल कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष रामजी सिंह, लालजी वर्मा, मोवीन अहमद, गौरी शंकर पटेल, लछमण प्रसाद वर्मा, शिव शंकर शास्त्री, दूध नाथ पटेल, मुरलीधर, विनय उपाध्याय, दूध नाथ राजभर आदि ने संबोधित किया। अंत में दोनों नेताओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। संचालन रामजी सिंह ने किया।

No comments:
Post a Comment