खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को दी मृदा स्वास्थ्य, फसल प्रबंधन एवं जैव उर्वरकों की जानकारी - जनसच न्यूज़

Breaking

नमस्ते जन सच न्यूज़ में आपका स्वागत है , जन सच तक अपनी बात jansach20@gmail.com के माध्यम से पहुचायें |

Post Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, November 25, 2026

खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को दी मृदा स्वास्थ्य, फसल प्रबंधन एवं जैव उर्वरकों की जानकारी

रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव 

वाराणसी आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के शहंशाहपुर स्थित आईसीएआर-भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान एवं कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर के संयुक्त तत्वावधान में खेत बचाओ अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड पिंडरा के बिरदवानपुर एवं टिकरी गांवों में किसानों के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में आईसीएआर-आईआईवीआर की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. ज्योति देवी एवं डॉ. श्वेता तथा कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर के वैज्ञानिक डॉ. राहुल सिंह उपस्थित रहे। वैज्ञानिकों ने किसानों को खेत बचाओ अभियान के उद्देश्य, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, फसल प्रबंधन तथा खेती में वैज्ञानिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में कृषि विकास अधिकारी (कृषि) साहब सिंह यादव, कृषि प्राविधिक हेमलता भारती, सत्यम कुमार पटेल, विभांशु मौर्य एवं आकृति सिंह सहित कृषि विभाग एवं एक्सटेंशन से जुड़े कर्मी उपस्थित रहे। किसानों तक कृषि तकनीकी जानकारी पहुंचाने के लिए किसान सेवा रथ के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर किसानों को एजोटोबैक्टर कंसोर्टिया का वितरण किया गया। किसानों को इसके उपयोग एवं लाभ की जानकारी देते हुए बताया गया कि जैव उर्वरकों के प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने तथा फसल उत्पादन को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। वैज्ञानिकों ने किसानों से खेत की मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने, संतुलित उर्वरक एवं जैविक संसाधनों के उपयोग, फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन तथा कीट एवं रोगों की समय पर पहचान कर समेकित प्रबंधन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को बदलते मौसम एवं कृषि संबंधी चुनौतियों के बीच वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन एवं आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान किसानों ने कृषि एवं फसल उत्पादन से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर वैज्ञानिकों से चर्चा की। वैज्ञानिकों ने किसानों के प्रश्नों का समाधान करते हुए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी सुझाव दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और खेत बचाओ अभियान को सफल बनाने के लिए वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में 52 महिला किसान एवं 54 पुरुष किसान, कुल 106 किसान उपस्थित रहे।



No comments:

Post a Comment



Post Bottom Ad