चंदौली में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर पुलिस अधीक्षक चंदौली, आकाश पटेल ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि कर्तव्य में लापरवाही, उदासीनता एवं अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। हालिया समीक्षा में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की गई है।
1.थाना मुगलसराय क्षेत्र के चौकी दुल्हीपुर पर तैनात मुख्य आरक्षी संतोष यादव के विरुद्ध क्षेत्र में अवैध जुआ संचालन एवं तस्करी पर प्रभावी रोकथाम में रुचि न लेने जैसी शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। पूर्व में चेतावनी एवं निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
2.थाना सैयदराजा पर तैनात उपनिरीक्षक राम प्यारे चौधरी पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया गया है। उनके द्वारा अपराधियों के विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई न करना, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी में ढिलाई, उच्चाधिकारियों को समय पर सूचना न देना तथा विवेचनाओं में उदासीनता जैसे गंभीर बिंदु पाए गए।
3.गो-तस्करी से जुड़े मामलों में हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान घोर लापरवाही सामने आने पर यातायात शाखा के 06 पुलिसकर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है। उक्त संबंध में थाना पुलिस द्वारा गौतस्करी पर कार्यवाही की गई पर हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस कर्मियों द्वारा इस सम्बन्ध में कोई जानकारी नहीं दी गई। टीएसआई उमाशंकर यादव, टीएसआई मनोज कुमार सिंह सहित अन्य कर्मियों द्वारा घटनाओं की सूचना समय से न देना कर्तव्यहीनता का गंभीर उदाहरण माना गया है। सभी के विरुद्ध प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं।पुलिस अधीक्षक चंदौली ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि “जनपद में कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति गंभीर नहीं है, उसके विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”जनपद में पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह, सक्रिय और परिणामोन्मुख बनाने के लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई को स्थान नहीं दिया जाएगा एवं कठोर कार्यवाही भविष्य में भी होंगी।

No comments:
Post a Comment