चन्दौली चकिया क्षेत्र के सैदूपुर स्थित बुद्ध बिहार महामाया सरोवर सेवा संस्थान, बुद्ध मंदिर परिसर में शुक्रवार की शाम बुद्ध पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चकिया के विधायक कैलाश आचार्य जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त हो गया।कार्यक्रम के दौरान भगवान बुद्ध के जीवन, उनके आदर्शों और उपदेशों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने अहिंसा, करुणा और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भक्ति गीतों एवं प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया। बच्चों और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर बुद्ध के जीवन से जुड़े प्रसंगों को प्रस्तुत किया। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट एवं रोशनी से सुसज्जित किया गया था, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
कार्यक्रम में भगवान बुद्ध की विचारधाराओं से संबंधित डॉ रामनरेश पाल क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई वाराणसी तथा रेनू द्विवेदी निर्देशक उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व विभाग लखनऊ द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें बुद्ध जी के जीवन, उपदेशों और उनसे जुड़ी विभिन्न चित्रों का विशेष प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए लोगों में विशेष उत्साह रहा।
मुख्य अतिथि विधायक कैलाश आचार्य जी ने अपने संबोधन में कहा, “भगवान बुद्ध का जीवन हमें सादगी, संयम और मानव सेवा का मार्ग दिखाता है। आज के समय में उनके विचारों को अपनाकर ही समाज में शांति और सद्भाव स्थापित किया जा सकता है।उन्होंने संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक शारदा प्रसाद ने कहा इच्छाओं को सीमित रखो, कर्मों को शुद्ध बनाओ, दूसरों को दुख न दो, धैर्य रखो, सही सोच अपनाओ, आत्मज्ञान से जीवन को बेहतर बनाओ।
विशिष्ट अतिथि दशरथ सोनकर ने कहा महात्मा बुद्ध ने विश्व में शांति का संदेश दिया, उन्होंने कहा मन को शांत रखो, सत्य बोलो, अहिंसा अपनाओ, लोभ और क्रोध त्यागो, करुणा और प्रेम से सभी जीवों के साथ दया का व्यवहार करो।
संस्थान के अध्यक्ष बलवंत सिंह मौर्य ने कहा, “बुद्ध पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और मानवता की सेवा का संदेश देने वाला पावन अवसर है। हमारा प्रयास है कि हम बुद्ध के बताए मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएं।”
इस अवसर पर श्रीकांत कुशवाहा,भोला, अजय मौर्य, संदीप मौर्य, रमेश मौर्य, नंदलाल मौर्य, लोकपति सिंह, लालजी सिंह, डॉ. बुद्ध प्रताप, क्रांति कुमार, वासुदेव मौर्य, चंद्रभान मौर्य, दशरथ मौर्य, रामकेश मौर्य, शीला गुप्ता ग्राम प्रधान, अजय कुमार गुप्ता पूर्व प्रधान, रजनीश कुमार, उषा सिंह मौर्य, स्वतंत्र कुमार, जयप्रकाश मौर्य, कुंदन कुमार, संतोष कुमार मौर्य, इंद्रदेव सिंह, दरोगा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राम अवतार सिंह कवंल ने कियाकार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, शांति और उत्साह का माहौल बना रहा।


No comments:
Post a Comment