चन्दौली में स्टार्टअप वर्कशॉप 'तेजस' का सफल आयोजन, युवाओं को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर - जनसच न्यूज़

Breaking

नमस्ते जन सच न्यूज़ में आपका स्वागत है , जन सच तक अपनी बात jansach20@gmail.com के माध्यम से पहुचायें |

Post Top Ad

Post Top Ad

Saturday, July 4, 2026

चन्दौली में स्टार्टअप वर्कशॉप 'तेजस' का सफल आयोजन, युवाओं को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर

 

चन्दौली भारत सरकार के उद्योग एवं आन्तरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के स्टार्टअप पहल के अन्तर्गत आज राजकीय आईटीआई रेवसा, चन्दौली में एक दिवसीय स्टार्टअप कार्यशाला (वर्कशॉप) ‘तेजस’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन इन्वेस्ट यूपी, स्टार्टअप इन यूपी, अटल इन्क्यूबेशन सेंटर बीएचयू (BHU) तथा जिला प्रशासन चन्दौली के संयुक्त समन्वय से किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुई। जिला सेवायोजन अधिकारी (नोडल-तेजस वर्कशॉप) चन्दौली गौरव सिंह ने कार्यशाला की रूपरेखा और इसके मुख्य उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई रहे। उन्होंने जनपद में एक मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने और युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए नवाचार (इन्नोवेशन) की आवश्यकता पर कई महत्वपूर्ण बिंदु साझा किए। इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्टार्टअप्स, तकनीकी संस्थानों के युवाओं और नवाचारी उत्पादकों द्वारा एक आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बारीकी से निरीक्षण कर सराहना की गई।

कार्यशाला में 'स्टार्टअप इन यूपी' की ओर से आए प्रशांत रंजन ने उत्तर प्रदेश सरकार की स्टार्टअप नीतियों पर विस्तृत चर्चा की और युवाओं को मिलने वाले लाभों के बारे में बताया। वहीं DPIIT की ओर से ऋत्विक और रवि ने स्टार्टअप्स को बाजार (मार्केट) से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण और व्यावहारिक सुझाव दिए।

अटल इन्क्यूबेशन सेंटर की ओर से डॉ. पी.वी. राजीव एवं डॉ. नन्दलाल ने इन्क्यूबेशन की महत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए जानकारी साझा की कि जनपद चन्दौली के राजकीय आईटीआई रेवसा कैम्पस में एक स्थाई सेटेलाइट सेंटर बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही उपायुक्त उद्योग ने उद्योगों में नवीन स्टार्टअप्स और ई-मार्केट प्लेस से जिले के युवाओं को अधिक से अधिक जोड़ने की जरूरत पर बल दिया।

इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में जिला सेवायोजन अधिकारी गाजीपुर, प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई रेवसा चन्दौली, प्रधानाचार्य चन्दौली पॉलीटेक्निक चन्दौली सहित कौशल विकास मिशन की ओर से अमित कुमार श्रीवास्तव, शशिकान्त सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यशाला में 200 से अधिक उद्यमियों, नवाचारियों (इन्नोवेटर्स) तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



No comments:

Post a Comment



Post Bottom Ad