रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव
वाराणसी आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के शाहंशाहपुर स्थित सब्जी अनुसंधान संस्थान में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन (एमआईडीएच) परियोजना के अंतर्गत "प्रौद्योगिकी प्रदर्शन के माध्यम से उत्तर प्रदेश से सब्जियों के निर्यात को बढ़ावा" विषय पर सब्जी निर्यातकों एवं किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य प्रदेश के सब्जी उत्पादकों, किसान उत्पादक संगठनों, निर्यातकों तथा संबंधित विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से गुणवत्तायुक्त उत्पादन को बढ़ावा देना तथा उत्तर प्रदेश की सब्जियों को वैश्विक बाजारों तक पहुँचाने की दिशा में प्रभावी रणनीति तैयार करना था।आईसीएआर-भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश में सब्जी उत्पादन की अपार संभावनाएँ हैं तथा वैज्ञानिक उत्पादन तकनीकों, गुणवत्ता मानकों, मूल्य संवर्धन और सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखला के माध्यम से राज्य को देश का अग्रणी सब्जी निर्यातक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संस्थान किसानों, किसान उत्पादक संगठनों तथा निर्यातकों को आधुनिक तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्तायुक्त बीज, प्रशिक्षण एवं वैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्थान, किसान उत्पादक संगठनों एवं निर्यातकों के बीच स्थापित यह साझेदारी उत्तर प्रदेश से सब्जियों के निर्यात को नई गति प्रदान करेगी तथा किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाएगी।कार्यक्रम में कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार विभाग, एपीडा, निर्यात निरीक्षण परिषद के प्रतिनिधियों ने निर्यात संबंधी सरकारी योजनाओं, गुणवत्ता मानकों, प्रमाणन, पैकेजिंग, शीत श्रृंखला तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार की आवश्यकताओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर सब्जी निर्यातकों एवं किसान उत्पादक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा निर्यात क्षेत्र की संभावनाओं एवं चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।बैठक के दौरान दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। प्रथम समझौता ज्ञापन भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी तथा प्रगतिशील अराजीलाइन किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड के मध्य तकनीकी मार्गदर्शन, क्षमता निर्माण, वैज्ञानिक परामर्श एवं निर्यातोन्मुख सब्जी उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संपन्न हुआ। द्वितीय समझौता ज्ञापन प्रगतिशील अराजीलाइन किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड तथा पीएसपीजी एक्सपोर्ट कंसल्टेंसी, गाज़ियाबाद के मध्य सब्जियों के निर्यात, बाजार संपर्क, विपणन सहयोग एवं वैश्विक बाजारों तक पहुँच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संपन्न किया गया।कार्यक्रम में संस्थान की ओर से डॉ. नीरज सिंह, डॉ. डी.पी. सिंह, डॉ. सुदर्शन मौर्य, डॉ. इन्दीवर प्रसाद, डॉ. प्रदीप कर्मकार तथा डॉ. राकेश कुमार दुबे सहित संस्थान के वैज्ञानिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सब्जी निर्यातक, किसान उत्पादक संगठनों के प्रतिनिधि एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment