चन्दौली आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली में आज वन महोत्सव एवं "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति एवं मुख्य अतिथि डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं वृक्षारोपण कर किया गया।
अपने उद्बोधन में कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों का आह्वान किया कि वे गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन में आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि किसान यदि स्वयं वैज्ञानिक पद्धति से बीज उत्पादन करें तो उत्पादन लागत में कमी आएगी, गुणवत्तायुक्त बीज की उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा उनकी आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा कृषि विज्ञान केंद्र के तकनीकी मार्गदर्शन एवं समन्वय से पार्टिसिपेटरी मोड में गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन किया तथा प्राकृतिक खेती से संबंधित गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने जीवामृत, घनजीवामृत, ब्रह्मास्त्र एवं अग्नास्त्र जैसे जैविक आदानों के निर्माण एवं प्रदर्शन को बढ़ावा देने, बीज उत्पादन कार्यक्रमों के विस्तार तथा फलदार एवं वानिकी पौधों की नर्सरी को सुदृढ़ कर किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रसार निदेशक डॉ. राम बटुक सिंह ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित 25 कृषि विज्ञान केंद्रों की प्रमुख गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए किसानों को विभिन्न केंद्रों पर उपलब्ध उन्नत बीजों, फलदार एवं वानिकी पौधों तथा नवीन कृषि तकनीकों के बारे में अवगत कराया।
कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी ने केंद्र द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, अग्रिम पंक्ति प्रदर्शनों, प्राकृतिक खेती, बीज उत्पादन एवं कृषि प्रसार गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि केंद्र नवीन कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुँचाने तथा उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी, इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक, जिला उद्यान अधिकारी, उपनिदेशक कृषि सहित कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अभयदीप गौतम, डॉ. अमित सिंह, डॉ. प्रतीक सिंह एवं श्री मनीष सिंह उपस्थित रहे। साथ ही केंद्र के कर्मचारी मनीष कुमार,आजाद, अविनाश वर्मा एवं राघव राम तथा प्रगतिशील कृषक रतन सिंह,अजय सिंह एवं इसके अतिरिक्त प्रगतिशील कृषक दीनानाथ श्रीवास्तव, रतन सिंह,शशिकांत राय, रमेश सिंह , अजय सिंह एवं सहित 105 की संख्या में कृषकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. चंदन सिंह, वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली द्वारा किया गया।

No comments:
Post a Comment