चन्दौली जनपद में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने तथा आमजन को जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल द्वारा शनिवार को मुगलसराय कस्बा क्षेत्र में पैदल गश्त कर अतिक्रमण हटाओ अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान बाजारों, मुख्य मार्गों एवं व्यस्त चौराहों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों एवं अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े करने वाले ऑटो/टोटो चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक द्वारा दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे अपनी दुकानें केवल निर्धारित सीमा के भीतर ही संचालित करें तथा सड़क पर किसी भी प्रकार का सामान रखकर यातायात में बाधा उत्पन्न न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक द्वारा ऑटो एवं टोटो चालकों को भी निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने, अनावश्यक रूप से सड़क पर सवारी न भरने तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से भी अपील की कि वे सड़क पर वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति उत्पन्न न करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग करें।इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे नगर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।पैदल गश्त के दौरान प्रभारी निरीक्षक यातायात, थाना प्रभारी मुगलसराय सहित अन्य अधिकारी/ कर्मचारीगण मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment