चन्दौली में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) की लिखित परीक्षा आज, 02 जुलाई 2026 से बेहद कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गई है। यह परीक्षा आगामी 03 और 04 जुलाई 2026 को भी विभिन्न पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी, निष्पक्ष और नकल विहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
परीक्षा के पहले दिन व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने निष्पक्ष और नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए महेन्द्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, नगर पालिका इंटर कॉलेज/ परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया।
इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, और सुरक्षा घेरे का बारीकी से निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा परीक्षा की शुचिता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी असामाजिक तत्व या सॉल्वर गैंग सक्रिय पाया गया, तो उसके खिलाफ सीधे गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला कांस्टेबल और अन्य टीमें तैनात की गई हैं। परीक्षार्थियों को सघन चेकिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही केंद्र के भीतर प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू कर दी गई है और फोटोकॉपी की दुकानों को परीक्षा अवधि तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरों से लाइव वेबकास्टिंग के जरिए पैनी नजर रखी जा रही है।
परीक्षा के दौरान प्रथम पारी में 5112 के सापेक्ष 4485 उपस्थित रहे 627 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे । द्वितीय पारी में 5112 के सापेक्ष 4528 उपस्थित है 584 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment