रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव
वाराणसी रोहनिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड आराजी लाइन में मेरे सपनों का भारत विषय पर विकासखंड स्तरीय ड्राइंग, क्विज और भाषण प्रतियोगिता जगतपुर डिग्री कॉलेज में आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक सुनील पटेल और विशिष्ट अतिथि अपना दल युवा मंच के जिलाध्यक्ष मानस सिंह रहे। मुख्य अतिथि ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और छात्र-छात्राओं की ड्राइंग का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की। प्रतियोगिता में 123 विद्यालयों के 253 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कक्षा 6 से 8 की ड्राइंग में करेंट पब्लिक स्कूल की तृप्ति प्रथम रही, कक्षा 9 से 12 वर्ग में राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज जक्खिनी की तनुश्री ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्विज में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जक्खिनी की खुशबू यादव और भाषण में राजकीय हाई स्कूल भतसार के दशमी कुमार व जनता इंटर कॉलेज खोचवां की शिल्पा यादव प्रथम रहे। विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विकासखंड स्तर पर 26 छात्र-छात्राओं का चयन जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। संचालन अरविंद सिंह ने किया। संयोजक खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र यादव और खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव रहे। इस दौरान प्राचार्य अनिल प्रताप सिंह, एडीओ पंचायत सतीश सिंह सहित शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment