रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव
वाराणसी राजातालाब ।स्थानीय पुलिस ने शुक्रवार की रात पुलिस चौकी जक्खिनी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी पर एकत्रित लोगों के ऊपर मुकदमा दर्ज किया है। बताया जाता है कि 100 से अधिक लोगों पर पुलिस के द्वारा मुकदमा किया गया है जिसमें कुछ ज्ञात और अज्ञात बताए जाते हैं।पुलिस के सोशल मीडिया सेल पुलिस उपायुक्त गोमती जोन द्वारा इस बात की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि जिन लोगों के नाम पुलिस ने अभियोग पंजीकृत किया है उसमें भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कुछ नेता और पदाधिकारी भी हैं। पुलिस के अनुसार यह सभी लोग सरकारी काम में बाधा डाल रहे थे।शुक्रवार को ऑटो रिक्शा से जंसा थाना क्षेत्र के रैसीपुर निवासिनी प्रियंका सिंह उर्फ पिंकी 42 वर्षीय अपने मायके सिहोरवा में दक्षिणी जाते समय कृष्णदत्तपुर कोइली के पास दुर्घटना में घायल हो गई थी। जब उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी ले जाया गया तो चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। स्थानीय लोगों का कहना था कि ऑटो से निकलकर बाहर खड़ा होते समय सरकारी एंबुलेंस ने पिंकी को धक्का मार दिया था जिससे उनकी मौत हो गई थी। स्थानीय लोग एम्बुलेंस चालक पर मुकदमा पंजीकृत किए जाने और परिवार वालों को आर्थिक मदद दिए जाने की मांग कर रहे थे।जिससे लेकर देर रात तक शव नहीं उठ पाया था। मौके पर उप जिलाधिकारी राजातालाब शांतुन कुमार सिनसिनवार तथा एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव पहुंचे थे और उन्होंने आर्थिक मदद का आश्वासन दिया था।तब लोगों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया।
इसी मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और स्थानीय लोग रविवार की दोपहर राजातालाब थाने पर पहुंचे थे। बताया जाता है कि जक्खिनी निवासी रवि सिंह जो भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं उनका भी नाम सरकारी काम में बाधा डालने वालों में है। स्थानीय लोगों ने सहायक पुलिस आयुक्त अजय कुमार श्रीवास्तव से बातचीत की। उन्होंने भरोसा दिया कि मामले की जांच की जाएगी। आश्वासन से संतुष्ट होकर सभी पदाधिकारी और स्थानीय लोग राजातालाब थाने से चले गए।

No comments:
Post a Comment