रिपोर्ट -त्रिपुरारी यादव
वाराणसी राजातालाब। तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब के प्रथम अध्यक्ष रहे बच्चा लाल यादव पर राजातालाब पुलिस द्वारा दर्ज किए गए एफ आई आर को लेकर अधिवक्ताओं में जबरदस्त आक्रोश है। बुधवार को अधिवक्ता सुबह से ही इस मामले को लेकर आंदोलनरत रहे। वरिष्ठ अधिवक्ता तथा पूर्व अध्यक्ष बच्चा लाल यादव पर दर्ज मुकदमें को झूठा बताते हुए अधिवक्ता मुकदमा दर्ज कराने वाले के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे थे। इस मामले को लेकर अधिवक्ताओं ने तहसील बार एसोसिएशन में हड़ताल का प्रस्ताव दिया और राजातालाब तहसील से थाने तक पैदल मार्च निकाला। नारेबाजी करते हुए अधिवक्ता राजातालाब थाने पर पहुंचे और थानाध्यक्ष से मामले को लेकर वार्ता कर आपत्ति दर्ज कराया। पूर्व अध्यक्ष तथा वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील सिंह का कहना था कि बच्चा लाल यादव सुलझे हुए वरिष्ठ अधिवक्ता है। उन्होंने एक विद्यालय संचालक से वार्तालाप के लिए फोन किया था। पिछले दिनों उसी विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति को लेकर मारपीट हो गई थी। जिसमें अधिवक्ता के गांव के कुछ लोग नामजद किए गए हैं। इसी बात को लेकर विद्यालय संचालक ने अधिवक्ता के ऊपर धमकी दिए जाने का झूठा आरोप गढ़कर मुकदमा दर्ज करा दिया है। अधिवक्ताओं का कहना था कि पहले राजातालाब पुलिस को जांच करनी चाहिए थी उसके बाद मुकदमा दर्ज करना चाहिए था। बच्चा लाल यादव विगत कई साल से लकवा का शिकार हो गए है।इस मामले को लेकर अधिवक्ता बुधवार को पूरे दिन हड़ताल पर रहे। तहसील परिसर में किसी भी न्यायालय में कार्य नहीं हुआ।थाने पर विरोध दर्ज करने वालों में शुभम पांडेय,रामजी पटेल, धीरेंद्र सिंह, अखिलेश गुप्ता,बच्चा लाल यादव सहित दर्जनों अधिवक्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment