वाराणसी 11वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वाराणसी के अस्सी घाट पर स्थानीय नाविकों के लिए जीवन रक्षक कौशल एवं डूबने से बचाव विषय पर सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गंगा नदी में डूबने की घटनाओं एवं अन्य जल संबंधी आपात स्थितियों के दौरान स्थानीय नाविकों की प्रतिक्रिया क्षमता को सुदृढ़ करना तथा उन्हें जीवन रक्षा के आवश्यक उपायों एवं बचाव तकनीकों के प्रति प्रशिक्षित करना था।कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ के कार्मिकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न जल बचाव तकनीकों, तैराक एवं गैर-तैराक व्यक्तियों के सुरक्षित बचाव, लाइफ बॉय, लाइफ जैकेट एवं रस्सियों के प्रभावी उपयोग तथा उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी तैरने वाले उपकरण एवं स्ट्रेचर तैयार करने की विधियों के बारे में जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त, डूबने से प्रभावित व्यक्ति को आवश्यक प्राथमिक उपचार प्रदान करने, कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन, रक्तस्राव नियंत्रण एवं सर्पदंश की स्थिति में अपनाए जाने वाले प्राथमिक उपचार संबंधी उपायों पर भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को आकाशीय बिजली से संबंधित पूर्व चेतावनी हेतु दामिनी ऐप तथा आपदा संबंधी चेतावनियों एवं अलर्ट के लिए सचेत ऐप की उपयोगिता से भी अवगत कराया गया। इस सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम से कुल 200 स्थानीय नाविक लाभान्वित हुए। कार्यक्रम के माध्यम से नाविकों को जल संबंधी आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने, उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करने तथा गंगा घाट पर श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा में सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर, 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ, अनूप सिंह बिष्ट एवं उप जिलाधिकारी (सदर), वाराणसी द्वारा प्रतिभागी नाविकों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, टी-शर्ट एवं खाद्य पैकेट वितरित किए गए। 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सामुदायिक सहभागिता, जन-जागरूकता एवं आपदा पूर्व तैयारी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से एनडीआरएफ स्थानीय समुदायों को आपदा प्रबंधन एवं जीवन रक्षक कौशल में सक्षम बनाने तथा बहुमूल्य जीवन की रक्षा के अपने संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है।


No comments:
Post a Comment