चंदौली में शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारियां पूरी, 12 केंद्रों पर 25 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल - जनसच न्यूज़

Breaking

नमस्ते जन सच न्यूज़ में आपका स्वागत है , जन सच तक अपनी बात jansach20@gmail.com के माध्यम से पहुचायें |

Post Top Ad

Post Top Ad

Monday, June 29, 2026

चंदौली में शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारियां पूरी, 12 केंद्रों पर 25 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

चन्दौली उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को जनपद चंदौली में शांतिपूर्ण, शुचितापूर्ण और नकल विहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। जनपद में UPTET-2026 की लिखित परीक्षा 02, 03 और 04 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। दिनांक 02 और 03 जुलाई को परीक्षा दो-दो पालियों में आयोजित होगी। 04 जुलाई को परीक्षा केवल एक पाली में संपन्न होगी।

परीक्षा की समय-सारिणी

प्रथम पाली प्रातः 09:30 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक।

द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से सायं 05:00 बजे तक। 

जनपद में परीक्षा के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 01 केंद्रीय रेलवे इं०का० (श्रेणी-A) और 11 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय (श्रेणी-B) शामिल हैं। प्रत्येक पाली में 5,112 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिससे 5 पालियों को मिलाकर कुल परीक्षार्थियों की संख्या लगभग 25,560 होगी।परीक्षा को पारदर्शी और कड़े पहरे में कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट की ओर से महत्वपूर्ण अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा के कुशल संचालन हेतु अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), चंदौली रतन वर्मा को नोडल अधिकारी (प्रशासन) नामित किया गया है।

नोडल अधिकारी (पुलिस)सुरक्षा व्यवस्था की कमान अपर पुलिस अधीक्षक (सदर), चंदौली संभालेंगे।

बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार, शुचितापूर्ण और नकल विहीन परीक्षा के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 1-1 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और प्रश्न पत्रों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए 1-1 सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। परीक्षा से संबंधित प्रश्न पत्रों को वरिष्ठ कोषाधिकारी, नोडल अधिकारी (प्रशासन/पुलिस) और ऑब्जर्वर व नामित एजेंसी के प्रतिनिधि की उपस्थिति में कोषागार के डबल लॉक (स्ट्रॉन्ग रूम) में सुरक्षित रखने और निकासी के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने निर्देश देते हुए कहा कि बैठक का उद्देश्य परीक्षा की शुचिता, समयबद्धता और प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित पड़े है। 

जनपद के समस्त परीक्षा केंद्रों पर शुचितापूर्ण परीक्षा संचालन हेतु सेक्टर, जोनल एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। समस्त मजिस्ट्रेट अपने आवंटित केंद्रों का पूर्व में ही भौतिक सत्यापन कर लें तथा परीक्षा के दिन निरंतर भ्रमणशील रहें। परीक्षा केंद्रों के २०० मीटर की परिधि में तत्काल प्रभाव से दंड प्रक्रिया संहिता के तहत निषेधाज्ञा लागू की जाए। केंद्रों के आसपास की सभी फोटोकॉपी, कोचिंग संस्थान एवं साइबर कैफे परीक्षा अवधि के दौरान पूर्णतः बंद रहेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों के कक्षों, गलियारों और प्रवेश द्वारों पर क्रियाशील सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिला मुख्यालय पर स्थापित एकीकृत कंट्रोल रूम से इसकी रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाए। भीषण गर्मी/मौसम को दृष्टिगत रखते हुए सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, समुचित बैठने की व्यवस्था एवं प्राथमिक चिकित्सा की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रश्नपत्रों एवं ओएमआर शीट के बंडलों को पूर्णतः सुरक्षित डबल-लॉक कोषागार में रखने और वहां से कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों तक ससमय पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला कांस्टेबल और होमगार्ड्स की तैनाती की जा रही है। केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर गहन चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाए। स्थानीय अभिसूचना इकाई को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह, पेपर लीक के भ्रामक दावों या नकल कराने वाले गिरोहों (सॉल्वर गैंग) की गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। सोशल मीडिया सेल द्वारा भ्रामक खबरों की चौबीसों घंटे निगरानी की जाए। परीक्षा के दिन जनपद के मुख्य मार्गों, चौराहों और परीक्षा केंद्रों के संपर्क मार्गों पर सुगम यातायात व्यवस्था हेतु रूट डायवर्जन और अतिरिक्त यातायात पुलिस बल की तैनाती की जाए, जिससे परीक्षार्थियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो। केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे—मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ड्यूटी पर तैनात कक्ष निरीक्षकों के मोबाइल भी केंद्र व्यवस्थापक के पास जमा कराए जाएं। यदि कोई भी व्यक्ति या असामाजिक तत्व परीक्षा की शुचिता भंग करने, नकल कराने या अनुचित साधनों का प्रयोग करने का दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल सुसंगत विधिक धाराओं के अंतर्गत कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी न्याययिक रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य कोषधिकारी, सेक्टर, जोनल एवं सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।



No comments:

Post a Comment



Post Bottom Ad